पितृपक्ष के दौरान भूलकर भी न करें ये काम, जानें किस तरह से किया जाता है तर्पण


पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने वाला पितृपक्ष शनिवार दस सितम्बर को अगस्त मुनि को जल देने के साथ शुरू हो जाएगा। शास्त्रों के अनुसार जिनका निधन हो चुका है, वे सभी पितृ पक्ष के दिनों में अपने सूक्ष्म रूप के साथ धरती पर आते हैं तथा परिजनों का तर्पण स्वीकार करते हैं, प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते हैं। पितृपक्ष में किये गए दान-धर्म के कार्यों से पूर्वजों की आत्मा को शांति मिलती है, साथ ही कर्ता को भी पितृ ऋण से मुक्ति मिलती है। शास्त्रों में कहा गया है कि पितरों का पिंडदान करने वाला गृहस्थ दीर्घायु, पुत्र-पौत्रादि, यश, स्वर्ग, पुष्टि, बल, लक्ष्मी, पशु, सुख-साधन तथा धन-धान्य आदि की प्राप्ति करता है। श्राद्ध में पितरों को आशा रहती है कि हमारे पुत्र-पौत्रादि पिंड दान तथा तिलांजलि प्रदान कर संतुष्ट करेंगे, इसी आशा के साथ वे पितृलोक से पृथ्वीलोक पर आते हैं। यही कारण है कि हिंदू धर्म शास्त्रों में प्रत्येक हिंदू गृहस्थ को पितृपक्ष में श्राद्ध अवश्य रूप से करने के लिए कहा गया है।


शविवार से शुरू हो रहा पितृपक्ष

शनिवार को अगस्त मुनि का तर्पण करने के बाद रविवार से लोग अपने पितरों-पूर्वजों को याद करते हुए तर्पण करेंगे। इसके बाद पिता के मृत्यु तिथि के अनुसार श्राद्ध तर्पण करेंगे। पितृ पक्ष दस सितम्बर से 25 सितम्बर तक चलेगा, जिसमें सभी तिथि का अपना अलग-अलग महत्व है। लेकिन पितृ पक्ष में पूर्णिमा श्राद्ध, महाभरणी श्राद्ध और सर्वपितृ अमावस्या का विशेष महत्व तथा एकादशी तिथि को दान सर्वश्रेष्ठ होता है।





अलग-अलग दिनों के श्राद्ध का विशेष महत्व

इस वर्ष पूर्णिमा श्राद्ध दस सितम्बर को, प्रतिपदा श्राद्ध 11 सितम्बर, द्वितीय श्राद्ध 12 सितम्बर, तृतीया श्राद्ध 13 सितम्बर, चतुर्थी एवं महाभरणी श्राद्ध 14 सितम्बर, पंचमी श्राद्ध 15 सितम्बर, षष्ठी श्राद्ध 16 सितम्बर, सप्तमी श्राद्ध 17 सितम्बर, अष्टमी श्राद्ध 18 सितम्बर, नवमी श्राद्ध (मातृनवमी) 19 सितम्बर, दशमी श्राद्ध 20 सितम्बर, एकादशी श्राद्ध 21 सितम्बर को होगा। द्वादशी श्राद्ध, संन्यासी, यति, वैष्णव जनों का श्राद्ध 22 सितम्बर, त्रयोदशी श्राद्ध 23 सितम्बर एवं चतुर्दशी श्राद्ध 24 सितम्बर को होगा। इसके बाद 25 सितम्बर को पितृ पक्ष के 16 वें दिन अमावस्या तिथि को अमावस्या श्राद्ध, अज्ञात तिथि पितृ श्राद्ध, सर्वपितृ अमावस्या एवं पितृ विसर्जन के साथ ही महालया का समापन हो जाएगा। सुहागिन महिलाओं के निधन की तिथि ज्ञात नहीं रहने पर नवमी तिथि को उनका श्राद्ध होगा। अकाल मृत्यु अथवा अचानक मृत्यु को प्राप्त पूर्वजों का श्राद्ध चतुर्दशी तिथि को होगा। यदि पितरों की मृत्यु तिथि का पता नहीं हो तो अमावस्या के दिन उन सबका श्राद्ध करना चाहिए।


इस तरह किया जाता है तर्पण

पितरों की आत्म तृप्ति के लिए हर वर्ष भाद्रपद की पूर्णिमा तिथि से आश्विन की अमावस्या तक पितृपक्ष होता है। श्राद्ध के दिन स्मरण करने से पितर घर आते हैं और भोजन पाकर तृप्त हो जाते हैं। इस पक्ष में अपने पितरों का स्मरण तथा उनकी आत्म तृप्ति के लिए तर्पण, पिंडदान, श्राद्ध कर्म आदि किए जाते हैं। पितरों की आत्म तृप्ति से व्यक्ति पर पितृदोष नहीं लगता है, परिवार की उन्नति होती है, पितरों के आशीष से वंश वृद्धि होती है। पितृपक्ष में प्रतिदिन या पितरों के निधन की तिथि को पवित्र भाव से दोनों हाथ की अनामिका उंगली में पवित्री धारण करके जल में चावल, जौ, दूध, चंदन, तिल मिलाकर विधिवत तर्पण करना चाहिए। इससे पूर्वजों को परम शांति मिलती है, तर्पण के बाद पूर्वजों के निमित्त पिंड दान करना चाहिए। पिंडदान के बाद गाय, ब्राह्मण, कौआ, चींटी या कुत्ता को भोजन कराना चाहिए।

पितृपक्ष के दौरान इन बातों का रखें विशेष ध्यान

पितृपक्ष के दौरान पूर्वज किसी न किसी रूप में दरवाजे पर आते हैं, इसीलिए किसी भी मनुष्य, जीव, जंतु को दरवाजे पर दुत्कारना नहीं चाहिए। पितृपक्ष में यमराज भी पितरों को परिजनों से मिलने के लिए मुक्त कर देते हैं। पितृपक्ष में कोई भी शुभ कार्य, विशेष पूजा-पाठ और अनुष्ठान नहीं करना चाहिए। श्रद्धा से श्राद्ध शब्द बना है, श्रद्धापूर्वक किए हुए कार्य को श्राद्ध कहते हैं। सत्कार्यों, सत्पुरुषों, सद्भावों के लिए कृतज्ञता की भावना रखना श्रद्धा कहलाता है। उपकारी तत्वों के प्रति आदर प्रकट करना, जिन्होंने अपने को किसी प्रकार लाभ पहुंचाया है, उनके लिए कृतज्ञ होना आवश्यक कर्तव्य है। पितृपक्ष के दौरान श्राद्धकर्म करने वाले कर्ता को 15 दिनों तक बाल और नाखून नहीं कटवाने चाहिए। हालांकि जिस दिन पूर्वजों की श्राद्ध की तिथि पड़ती है तो श्राद्ध करने वाला व्यक्ति बाल और नाखून कटवा सकता है।

Comments

Popular posts from this blog

India beat South Africa by 16 runs in the second T20 match, took an unassailable lead in the series

south industry is all about nepotism, people don'tsee it - Avika Gor

ED के सामने पेश हुई नोरा फतेही, 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हो रही पूछताछ